सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

सबसे बड़ी चीज क्या है / अकबर बीरबल की कहानियाँ

                    
Akbar Birbal stories
Stories of Akbar Birbal in hindi

एक दिन की बात है , बीरबल दरबार में उपस्थित नहीं थे। ऐसे में बीरबल से जलने वाले सभी दरबारियों ने मिलकर बीरबल की बुराई शुरू कर दी । अक्सर जब बीरबल दरबार में उपस्थित न होते तो सभी मिलकर उनके खिलाफ शहंशाह अकबर के कान भरा करते थे । अकबर इस बात को भली-भांति समझते थे और उन्हें बीरबल की बुराई बिलकुल अच्छी नहीं लगती थी ।


उस दिन दरबार में ऐसा ही हो रहा था , अकबर के खास मुल्ला दो प्याजा की शह पाकर चार दरबारियों ने मिलकर अकबर से कहना शुरू किया - जहाँपनाह ! आप बीरबल को आवश्यकता से अधिक मान देते है , हम लोगों से ज्यादा उन्हें चाहते हैं । आपने उन्हें बहुत सिर चढ़ा कर रखा है जबकि वह जो काम करते हैं वह हम भी कर सकते हैं । आप हमें मौका ही नहीं देते ।


शहंशाह अकबर को उन दरबारियों पर बहुत गुस्सा आया परंतु उन्होंने गुस्से को दबा कर कहा - देखों आज बीरबल तो यहां नहीं हैं इसलिए मुझे तुम चारों से एक सवाल का जवाब चाहिए । यदि तुम लोगों ने मेरे सवाल का सही जवाब नहीं दिया तो तुम चारों को फांसी पर चढ़वा दूंगा । 

शहंशाह की बात सुनकर वे घबरा गए ।

हिम्मत करके अकबर से पूछा - अपना सवाल बताइए शहंशाह 

अकबर - संसार में सबसे बड़ी चीज क्या हैं ? देखों तुम सब सोच समझकर ही जवाब देना वरना मैं कह चुका हूं कि फांसी पर लटका दूंगा और हाँ अटपटे जवाब नहीं देना । एक जवाब देना और सही देना । 


चारों दरबारियों ने आपस में फैसला करके कहा - जहाँपनाह ! हमें कुछ दिन की मोहलत दीजिए । 

'ठीक है मैं तुम लोगों को एक सप्ताह का समय देता हूँ ' शहंशाह अकबर बोले ।


चारों दरबार से बाहर गए और सोचने लगें कि सबसे बड़ी चीज क्या हो सकती है ? 

एक दरबारी बोला - मेरे ख्याल से अल्लाह से बड़ा कोई नहीं हो सकता है । 

दूसरा बोला - अल्लाह कोई चीज नहीं हैं।  कोई दूसरा जवाब सोचो ।

'सबसे बड़ी चीज तो भूख हैं , जो आदमी से कुछ भी करवा देती हैं ' तीसरे ने कहा ।

चौथे ने कहा - नहीं नहीं भूख भी बर्दाश्त की जा सकती हैं । 

फिर क्या है सबसे बड़ी चीज ? छः दिन बीत गए लेकिन जवाब न समझ आया । हार कर चारों बीरबल के पास पहुंचे और उन्हें सारी बात कह सुनाई साथ ही विनती की कि उन्हें ऐसा सवाल का जवाब बता दें। 


बीरबल ने मुस्कुराते हुए कहा कि मै तुम्हारे सवाल का जवाब जरूर दूंगा लेकिन मेरी एक शर्त है।  

दरबारी बोले - हमें आपकी सारी शर्त मंजूर है । बस किसी तरह  से हमारी जान बचाइए ।

बीरबल ने कहा - तुम में से दो मेरी चारपाई को अपने कंधे पर दरबार तक ले जाओगे । एक मेरा हुक्का पकडेगा और एक मेरे जूते लेकर चलेगा ।

यह सुनते ही चारों सन्नाटे में आ गए । उन्हें लगा कि बीरबल उनसे बदला ले रहे हैं । मगर मरता क्या न करता । उन्होंने शर्त मान ली ।

दो ने बीरबल की चारपाई उठाई एक ने हुक्का और एक जूते लेकर चला । रास्ते में सभी आश्चर्य से यह नजारा देख रहे थे । कोई कुछ नहीं समझ सका । शहंशाह अकबर के पास पहुंचकर बीरबल बोले - हुजूर ! सबसे बड़ी चीज है गरज । अपनी गरज से ये यह चारपाई उठाकर यहां ले आए । 

शहंशाह अकबर बीरबल की चतुराई से एक बार फिर से खुश हुए । वहीं वे चारों दरबारी मुंह लटकाए वही खड़े रहे ।





टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ईश्वर जो करता है अच्छा करता हैं / अकबर बीरबल की कहानियाँ

            Akbar Birbal stories in hindi बीरबल एक ईमानदार और भगवान को मानने वाले व्यक्ति थे । वे प्रतिदिन ईश्वर की आराधना किया करते थे और उनका ईश्वर में पूर्ण विश्वास था । वे हमेशा कहा करते थे कि ईश्वर जो भी करता है वह हमारे भले के लिए ही करता है । शहंशाह अकबर के दरबार में बहुत से ऐसे दरबारी थे जिन्हें बीरबल की ऐसी बातें और बीरबल बिलकुल भी पसंद नहीं थे । वे नहीं चाहते थे कि बीरबल शहंशाह अकबर के खास रहे इसलिए अकबर के दरबार में बीरबल के खिलाफ हमेशा षंडयत्र होते रहते थे । खुद शहंशाह अकबर को भी इस बात का पता था ।  एक बार कि बात है , एक दरबारी जो बीरबल को बिलकुल भी पसंद नहीं करता था ने दरबार में कहा कि ईश्वर ने मेरे साथ कल बहुत बुरा किया । मैं अपने घोड़े के लिए चारा काट रहा था तभी मेरी छोटी ऊँगली कट गई । अब आप ही बताइए बीरबल क्या यह मेरे साथ ईश्वर ने अच्छा किया ? कुछ देर चुप रहने के बाद बीरबल बोले - मेरा अब भी यही मानना है कि ईश्वर जो भी करता है वह अच्छे के लिए करता है  । बीरबल की बात सुनकर वह दरबारी और भी ज्यादा चिढ़ गया और कहा कि एक तो मेरी ऊँगली कट...

वेताल पच्चीसी - चौथी कहानी / Vikram Betal stories in hindi

वेताल पच्चीसी - चौथी कहानी / Vikram Betal stories in hindi     Vikram Betal stories in hindi भोगवती नाम की एक नगरी थी । उसमें रूपसेन राजा राज्य करता था । उसके पास चिंतामणि नाम का एक तोता था।   एक दिन राजा ने उससे पूछा - हमारा ब्याह किसके साथ होगा ? तोते ने कहा - मगध देश की राजकुमारी चन्द्रावती के साथ होगा।   राजा ने ज्योतिषीयों को बुलाकर पूछा तो उन्होंने भी वही कहा। उधर मगध देश की राजकुमारी के पास एक मैना थी । उसका नाम था मदन मञ्जरी । एक दिन राजकुमारी ने उससे पूछा कि मेरा विवाह किसके साथ होगा तो उसने कह दिया कि भोगवती नगर के राजा रूपसेन के साथ । इसके बाद दोनों का विवाह हो गया। रानी के साथ उसकी मैना भी आ गई । राजा-रानी ने तोता-मैना का विवाह करके एक पिंजड़े में बंद कर दिया ।  एक दिन की बात है , तोता-मैना में बहस हो गई।   मैना ने कहा - आदमी बड़ा पापी , दगाबाज और अधर्मी होता है।   तोते ने कहा - स्त्री झूठी, लालची और हत्यारी होती है । दोनों का झगड़ा ज्यादा बढ़ गया तो राजा ने कहा - क्या बात है , तुम आपस में क्यों लड़ रहे हो ? मैना ने...

वेताल पच्चीसी - सातवीं कहानी / Vikram Betal stories in hindi

वेताल पच्चीसी की सातवीं कहानी / Vikram Betal stories in hindi    Vikram Betal         मिथलावती नामक नगरी में गुणधिप नाम का राजा राज्य करता था।  उसकी सेवा करने के लिए दूर देश से एक राजकुमार आया । बहुत कोशिशें करने के बाद भी उसकी मुलाकात राजा से न हुई । जो कुछ वह अपने साथ लाया था , सब बराबर हो गया । एक दिन राजा शिकार खेलने गया । राजकुमार भी साथ हो लिया । चलते-चलते राजा एक वन मे पहुंचा । वहां उसके नौकर-चाकर बिछड़ गए।  राजा के साथ अकेला वह राजकुमार रहा।  उसने राजा को रोका।  राजा ने उसकी ओर देखकर पूछा - तू इतना कमजोर कैसे हो रहा है ? उसने कहा - इसमें मेरे कर्म का दोष है । मैं जिस राजा के पास रहता हूँ वह हजारों को पालता है लेकिन उसकी नज़र मुझपर नहीं पड़ती । राजन् छः बातें आदमी को हल्का करती हैं - खोटे नर की प्रीति , बिना कारण हंसी , स्त्री से विवाद , असज्जन स्वामी की सेवा , गधे की सवारी और बिना संस्कृत की भाषा।  और हे राजा पांच चीजें आदमी के पैदा होते ही विधाता उसके भाग्य में लिख देता है - आयु , कर्म , धन , विद्या और यश ।  राजन् जब त...